home page

एक वर्ष में राज्य में एक लाख लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी

 | 
एक वर्ष में राज्य में एक लाख लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी


मेदिनीपुर, 16 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में अगले एक वर्ष के दौरान एक लाख लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को मेदिनीपुर में आयोजित रोजगार मेले में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना चाहती है और भर्ती प्रक्रिया को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के सत्ता में आने के बाद ही नई नियुक्तियों का रास्ता खुला है।

मुख्यमंत्री ने मेदिनीपुर के रोजगार मेले में 600 लोगों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी राजनीतिक पदाधिकारी या राजनीतिक व्यक्ति की कोई भूमिका नहीं होगी। उन्होंने पिछली सरकार के कार्यकाल में नियुक्ति प्रक्रिया बंद रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब राज्य में नई औद्योगिक नीति लाने की तैयारी चल रही है।

उन्होंने बताया कि 33 उद्योगपतियों को जमीन आवंटित की गई है। सरकार चाहती है कि वे राज्य में उद्योग स्थापित कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करें।

उन्होंने कहा कि निवेशकों ने राज्य में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है और औद्योगिक गतिविधियां शुरू हो रही हैं। ओबीसी से जुड़े विवाद का समाधान होने के बाद पुलिस विभाग में भी नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हुई है।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को मेदिनीपुर में कई सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। वह हेलीकॉप्टर से दोपहर में शहर पहुंचे और बीडीओ कार्यालय के निकट जामबागान स्थित हेलीपैड पर उतरे। इसके बाद वह सिपाई बाजार स्थित भाजपा के जिला कार्यालय पहुंचे। इस दौरान पंचायत मंत्री दिलीप घोष भी उनके साथ मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने पुलिस लाइन में एक भवन का औपचारिक उद्घाटन किया और पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे। इसके अलावा शहर में आयोजित कई जगद्धात्री पूजा समारोहों का उद्घाटन करने का कार्यक्रम भी निर्धारित था।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष तैयारी की गई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता