home page

पश्चिम बंगाल आवास योजना : दार्जिलिंग जिले के पांच हजार लोगों के खाते में पहुंचेगी राशि

 | 
पश्चिम बंगाल आवास योजना : दार्जिलिंग जिले के पांच हजार लोगों के खाते में पहुंचेगी राशि


सिलीगुड़ी, 13 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल आवास योजना के तहत राज्य के सात लाख लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए शुक्रवार को नवान्न सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नवान्न सभागार से राज्य के सभी जिलों में कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण किया गया।

इसी क्रम में दार्जिलिंग जिले का कार्यक्रम नक्सलबाड़ी कम्युनिटी हॉल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में राज्य के वित्त एवं परिवहन विभाग के राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन मौजूद रहे। उनके साथ दार्जिलिंग के जिलाधिकारी और एसडीओ सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

प्रशासन के अनुसार, दार्जिलिंग जिले के करीब पांच हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में पश्चिम बंगाल आवास योजना की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी। इस दौरान मंत्री ने कुछ लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक भी सौंपे।

मंत्री आनंदमय बर्मन ने कहा कि योजना की दूसरी किस्त के तहत मिलने वाली राशि से लाभार्थी अपने मकान का निर्माण कार्य पूरा कर सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में योजना के और अधिक पात्र लाभार्थियों की पहचान करने का निर्देश भी दिया। वहीं, दूसरी किस्त की राशि मिलने से लाभार्थियों में खुशी देखी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार