पश्चिम बंगाल के कई जिलों में आज भारी बारिश की संभावना
कोलकाता, 07 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से सोमवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र के अनुसार, दक्षिण बंगाल से लेकर उत्तर बंगाल तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, सात सितंबर की सुबह से अगले 24 से 36 घंटों के दौरान दक्षिण बंगाल सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी वर्षा होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर 70 से 110 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने इस दौरान वज्रपात को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है। गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है। बिजली कड़कने के समय सुरक्षित स्थान पर रहने को कहा गया है।
कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर सहित दक्षिण बंगाल के कई जिलों में सोमवार को बादल छाए रहने के साथ तेज बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ अचानक तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।इनमें कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ शहरी इलाकों में भी तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।
राजधानी कोलकाता और आसपास के इलाकों में सोमवार को आसमान मुख्य रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। दोपहर और शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कोलकाता में अधिकतम तापमान करीब 31 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर बंगाल के मालदा, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और अलीपुरद्वार सहित विभिन्न जिलों में भी मानसून का प्रभाव बना रहेगा। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने समुद्र में जाने वाले मछुआरों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है। बंगाल की खाड़ी और तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं तथा ऊंची लहरों की स्थिति बन सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

