home page

बंगाल विस चुनाव : सिलीगुड़ी में चुनावी रणकौशल की तैयारी तेज, बढ़ी राजनीतिक हलचल

 | 
बंगाल विस चुनाव : सिलीगुड़ी में चुनावी रणकौशल की तैयारी तेज, बढ़ी राजनीतिक हलचल


सिलीगुड़ी, 25 फरवरी (हि.स)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव- 2026 की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन शहर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। उत्तर बंगाल को आगामी चुनाव का प्रमुख रणक्षेत्र मानते हुए सत्तारूढ़ अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी है।बुधवार को सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित शालुगाड़ा इलाके में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के संभावित दौरे को लेकर एक अस्थायी हेलिपैड का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। यहां सफलतापूर्वक हेलीकॉप्टर का ट्रायल रन भी किया गया। राजनीतिक पर्यवेक्षकों के अनुसार, यह पहल केवल प्रशासनिक तैयारी नहीं, बल्कि चुनावी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।

ट्रायल रन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पीडब्ल्यूडी, पुलिस और दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। हेलीकॉप्टर लैंडिंग के बाद सुरक्षा घेरा और आपातकालीन सेवाओं की जांच की गई।

सूत्रों का दावा है कि शालुगाड़ा हेलिपैड के पास स्थित एक होटल को उत्तर बंगाल के लिए चुनावी “बेस कैंप” या कंट्रोल रूम बनाया जा सकता है। यहीं से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों की संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा और रणनीति तय की जाएगी।

हालांकि पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है, लेकिन सिलीगुड़ी में बढ़ती प्रशासनिक गतिविधियां साफ संकेत दे रही हैं कि 2026 की चुनावी लड़ाई के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। उत्तर बंगाल की राजनीति में सिलीगुड़ी एक बार फिर अहम केंद्र के रूप में उभरता दिख रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार