home page

पश्चिम बंगाल के 23 में से 21 जिलों में एचआईवी रोकथाम के लक्ष्य हासिल : स्वास्थ्य विभाग

 | 
पश्चिम बंगाल के 23 में से 21 जिलों में एचआईवी रोकथाम के लक्ष्य हासिल : स्वास्थ्य विभाग


पश्चिम बंगाल के 23 में से 21 जिलों में एचआईवी रोकथाम के लक्ष्य हासिल : स्वास्थ्य विभाग


कोलकाता, 27 नवंबर (हि. स.)। विश्व एड्स दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत वेस्ट बंगाल स्टेट एड्स प्रिवेंशन एंड कंट्रोल सोसाइटी के तत्वावधान में शुक्रवार को साल्टलेक स्थित स्वास्थ्य भवन सभागार में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष विश्व एड्स दिवस की थीम ‘एंडिंग एड्स स्टार्ट्स विद एक्सेस’ रखी गई है। इस अवसर पर एचआईवी-एड्स की रोकथाम, उपचार और जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष परिचर्चा आयोजित हुई।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव शरद कुमार द्विवेदी, स्वास्थ्य निदेशक डॉ. स्वपन सोरेन, विशेष सचिव दिव्या रंगनाथन, इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर के निदेशक डॉ. कौस्तुभ नायक, वेस्ट बंगाल स्टेट एड्स प्रिवेंशन एंड कंट्रोल सोसाइटी के परियोजना निदेशक यूनिस इस्माइल, डॉ. दीपंकर माझी, डॉ. देवाशीष राय और डॉ. पल्लव भट्टाचार्य सहित अन्य लोग उपस्थित थे। परिचर्चा में डॉ. शांतशील पाइन, डॉ. चंद्रमौली भट्टाचार्य, डॉ. सायन चक्रवर्ती, डॉ. सुस्मिता चटर्जी और डॉ. एसके गुहा ने भी हिस्सा लिया।

स्वागत भाषण में परियोजना निदेशक यूनिस इस्माइल ने एड्स नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने संस्था के संयुक्त निदेशक डॉ. राखी विश्वास, टारगेट इंटरवेंशन के संयुक्त निदेशक डॉ. सोमनाथ लस्कर, बीएस विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. विजय मुखर्जी तथा सैक्स (एसएसएसीएस) के कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष ‘ट्रिपल 95’ लक्ष्य को अपनाया गया है। इसके तहत एचआईवी संक्रमित लोगों की पहचान करना, उन्हें उपचार के दायरे में लाना और उपचार के माध्यम से सामान्य जीवन जीने में सक्षम बनाना प्रमुख उद्देश्य है। नेशनल एड्स कंट्रोल सोसाइटी ने जिन चार राज्यों को लगभग एड्स मुक्त राज्य के रूप में चिह्नित किया है, उनमें पश्चिम बंगाल भी शामिल है।

स्वास्थ्य निदेशक डॉ. स्वपन सोरेन ने कहा कि एचआईवी संक्रमण की रोकथाम और पहचान के मामले में अभी अलीपुरद्वार और कोलकाता पीछे हैं। राज्य के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोग कोलकाता आते हैं, इसलिए यहां संक्रमित लोगों की पहचान करने में अपेक्षाकृत अधिक समय लग रहा है। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इन दोनों जिलों को भी सुरक्षित जिला घोषित किया जा सकेगा। उन्होंने ‘ट्रिपल एलिमिनेशन’ लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि भविष्य में किसी बच्चे का जन्म हेपेटाइटिस-बी, सिफलिस और एचआईवी जैसे संक्रमणों के साथ न हो, यह सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव शरद कुमार द्विवेदी ने बताया कि राज्य के 23 जिलों में से 21 जिले निर्धारित लक्ष्य हासिल करने में सफल रहे हैं। शेष जिलों में भी जल्द प्रगति होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि टेलीमेडिसिन के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक भी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच रही हैं। जो लोग अभी तक इन सेवाओं के दायरे में नहीं आए हैं, उन्हें भी भविष्य में आवश्यक जानकारी और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। एड्स नियंत्रण सोसाइटी और राज्य सैक्स के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने एड्स उन्मूलन के अंतिम लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।

विशेष सचिव दिव्या रंगनाथन ने कहा कि अगले एक-दो वर्षों में ‘ट्रिपल 95’ लक्ष्य से आगे बढ़कर और बेहतर लक्ष्य हासिल करने की उम्मीद है। एचआईवी संक्रमित मरीजों का एंटी-रेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) शुरू की जा चुकी है। उन्होंने रोगियों की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए आयुर्वेद और होम्योपैथी जैसे वैकल्पिक चिकित्सा क्षेत्रों पर भी ध्यान देने की बात कही। इसके अलावा मातृ मृत्यु दर, टीबी उन्मूलन और शिशु मृत्यु दर में कमी जैसे अन्य स्वास्थ्य संबंधी लक्ष्यों पर भी भविष्य में इसी तरह के प्रयास किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप