असमय कालबैशाखी से कोलकाता बेहाल, बुधवार को उत्तर व दक्षिण बंगाल में बारिश और आंधी की संभावना
कोलकाता, 24 जून (हि. स.)।कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में असमय कालबैशाखी के कारण मंगलवार को जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। शहर के विभिन्न इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं, जबकि कुछ घंटों की तेज बारिश के बाद कई स्थानों पर घुटनों तक पानी भर गया। दक्षिण बंगाल के साथ-साथ उत्तर बंगाल के कई जिलों में भी भारी बारिश दर्ज की गई। बुधवार को भी यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान से बिहार तक फैली मौसमी अक्षरेखा उत्तर प्रदेश के ऊपर सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक पश्चिम बंगाल के मौसम में बदलाव बना रह सकता है। गंगा तटीय पश्चिम बंगाल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ वर्षा की संभावना जताई गई है।
कोलकाता में बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। शहर में हल्की से मध्यम बारिश अथवा गरज के साथ वर्षा हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
दक्षिण बंगाल के उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, नदिया, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, पूर्व बर्धमान और पश्चिम बर्धमान जिलों में बारिश की मात्रा बढ़ सकती है। पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद तथा नदिया में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज और बारिश की चेतावनी दी गई है। शाम के बाद पश्चिमी जिलों में बिजली गिरने की आशंका बढ़ सकती है। स्थिति गंभीर होने पर लाल चेतावनी भी जारी की जा सकती है।
उत्तर बंगाल में भी पिछले कई दिनों से बारिश का दौर जारी है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश अथवा गरज के साथ वर्षा का पूर्वानुमान है। शुक्रवार से जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में अत्यधिक भारी बारिश को लेकर नारंगी चेतावनी जारी होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, नदियों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव अथवा बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई है। लगातार बारिश के कारण सड़क और रेल यातायात के साथ सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हो सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

