home page

दक्षिण बंगाल में थमी बारिश, अब बढ़ेगी तपिश

 | 
दक्षिण बंगाल में थमी बारिश, अब बढ़ेगी तपिश


कोलकाता, 11 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण बंगाल से फिलहाल आंधी और बारिश का दौर थम गया है। इसके साथ ही राज्य में तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। सुबह से ही उमस भरी गर्मी ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले सात दिन तक दक्षिण बंगाल में भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

खासतौर पर 13 से 16 अप्रैल के बीच दक्षिण बंगाल के कई जिलों में लू चलने की आशंका जताई गई है। ऐसे में साफ है कि नववर्ष की शुरुआत तेज धूप और झुलसा देने वाली गर्मी के साथ होने जा रही है।

शनिवार सुबह से ही कोलकाता में तेज धूप खिली हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिन तक शहर में बारिश की कोई संभावना नहीं है। रविवार तक तापमान सामान्य से पांच से सात डिग्री सेल्सियस अधिक हो सकता है।

शनिवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.0 डिग्री कम है। वहीं अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.9 डिग्री कम है।

दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। बांका, पुरुलिया, पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बर्धमान और झाड़ग्राम जिलों के लिए उमस भरी गर्मी को लेकर विशेष सतर्कता जारी की गई है। पश्चिमी इलाकों के कुछ जिलों में हल्की आंधी-बारिश की संभावना जरूर है, लेकिन कुल मिलाकर गर्मी और असहज मौसम का प्रभाव बढ़ेगा।

उत्तर बंगाल में भी तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि, पर्वतीय इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी के पहाड़ी क्षेत्रों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, मैदानी इलाकों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर