home page

कुछ दिनों की राहत के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी, दक्षिण बंगाल में तापमान चढ़ने के संकेत

 | 
कुछ दिनों की राहत के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी, दक्षिण बंगाल में तापमान चढ़ने के संकेत


कोलकाता, 31 मई (हि. स.)। पिछले कुछ दिनों से बारिश के कारण मिली राहत के बाद दक्षिण बंगाल में एक बार फिर गर्मी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से दिन के तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि शुरू होगी, जिसके चलते जून के पहले सप्ताह से उमस और गर्मी का असर फिर महसूस किया जा सकता है।

रविवार सुबह से ही कोलकाता में तेज धूप देखने को मिली। हालांकि दिन के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन शहर में बारिश की संभावना बेहद कम बताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम है। वहीं अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है।

दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में रविवार को हल्की बारिश हो सकती है। विशेष रूप से पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम तथा मुर्शिदाबाद में शाम के समय कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि सोमवार से दक्षिण बंगाल में तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी शुरू हो सकती है।

उधर उत्तर बंगाल में भी रविवार से बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है। हालांकि मंगलवार से एक बार फिर बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में अपेक्षाकृत अधिक वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल दक्षिण बंगाल में भीषण गर्मी जैसी स्थिति नहीं बनेगी, लेकिन तापमान में क्रमिक वृद्धि के साथ लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है। डॉक्टरों ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने और दोपहर के समय धूप में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर