कोलकाता में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी, अगले दो दिनों के लिए तूफान और बारिश का पूर्वानुमान
कोलकाता, 07 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में अगले दो दिनों तक लगातार आंधी-बारिश होगी। मौसम विभाग ने मंगलवार को ये जानकारी दी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप रविवार और सोमवार को कोलकाता तथा आसपास के क्षेत्रों में आंधी और बारिश दर्ज की गई। सोमवार रात साढ़े आठ बजे के बाद शुरू हुई बारिश पहले हल्की रही, लेकिन बाद में तेज हो गई। इसके साथ तेज हवाएं और गरज-चमक भी देखी गई।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को शहर में अधिकतम हवा की रफ्तार 63 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। वहीं अलीपुर में रात तक कुल छह मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। मंगलवार शाम के बाद फिर आंधी और बारिश की संभावना है, जबकि बुधवार को भी मौसम इसी तरह रहने का अनुमान है। अलीपुर मौसम कार्यालय के अनुसार मंगलवार और बुधवार को बारिश की मात्रा बढ़ सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बिहार से मणिपुर तक एक निम्न दबाव की अक्ष रेखा बनी हुई है, जो उत्तर बंगाल, असम और बांग्लादेश के ऊपर से गुजर रही है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवातीय परिसंचरण भी सक्रिय है। इसके कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है और गरज वाले बादल बनने से आंधी-बारिश की अनुकूल स्थिति बन गई है।
लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है। सोमवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग पांच डिग्री कम है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हवा में नमी का स्तर 95 प्रतिशत तक रहने के कारण शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना अधिक बताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मंगलवार को आंधी-बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है। बांकुड़ा, पूर्व बर्धमान और बीरभूम जिलों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
इसके अलावा पुरुलिया, बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम तथा मुर्शिदाबाद में तेज आंधी और बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। कोलकाता में भी आंधी और बारिश का पूर्वानुमान है।
बुधवार को पूर्व बर्धमान, हावड़ा, हुगली, नदिया और उत्तर 24 परगना जिलों में मौसम का असर अधिक रहने की संभावना है।
गुरुवार को दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में छिटपुट आंधी-बारिश जारी रह सकती है, लेकिन शाम के बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार होगा। शुक्रवार से बारिश की संभावना काफी कम हो जाएगी। सप्ताहांत यानी शनिवार और रविवार को आसमान साफ रहने का अनुमान है और तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।
-------
उत्तर बंगाल में भी बारिश का पूर्वानुमान
मंगलवार और बुधवार को उत्तर बंगाल के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में ओलावृष्टि और वज्रपात की आशंका है, जबकि अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। यहां भी हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

