home page

पश्चिम बंगाल में बदलने लगा मौसम का मिजाज, अगले हफ्ते हल्की बारिश के आसार

 | 
पश्चिम बंगाल में बदलने लगा मौसम का मिजाज, अगले हफ्ते हल्की बारिश के आसार


कोलकाता, 21 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में इन दिनों मौसम का मिजाज दो अलग-अलग रूप दिखा रहा है। सुबह का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है, जबकि रात में पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है। इस उतार-चढ़ाव ने आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। मौसम विभाग के अनुसार मार्च से तापमान में और बढ़ोतरी की आशंका है।

इधर, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से 23 और 24 फरवरी (सोमवार और मंगलवार) को पूर्व मेदिनीपुर के ओडिशा सीमावर्ती क्षेत्रों और झाड़ग्राम के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। ओडिशा और उससे सटे तटीय जिलों में वर्षा की संभावना अपेाकृत अधिक बताई गई है। दक्षिण बंगाल के कई जिलों में इन दिनों आसमान आंशिक रूप से मेघाच्छन्न रहने के आसार हैं।

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, दक्षिण बंगाल के जिलों में अगले दो से तीन दिनों में तापमान में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। रविवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की संभावना है, जबकि बुधवार तक अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। ऐसे में इस वर्ष होली का त्योहार गर्म मौसम के बीच मनाए जाने की संभावना है।

शनिवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था। शनिवार को हवा में अधिकतम आर्द्रता 82 प्रतिशत और न्यूनतम 40 प्रतिशत दर्ज की गई।

उत्तर बंगाल के सभी जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में क्रमिक वृद्धि जारी रह सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर