home page

दक्षिण बंगाल में आंधी-बारिश का अलर्ट, उत्तर बंगाल में भारी वर्षा की चेतावनी

 | 
दक्षिण बंगाल में आंधी-बारिश का अलर्ट, उत्तर बंगाल में भारी वर्षा की चेतावनी


कोलकाता, 11 जून (हि. स.)। उत्तर बंगाल में मानसून पहले ही प्रवेश कर चुका है, जबकि दक्षिण बंगाल में अभी इसके पूरी तरह पहुंचने का इंतजार है। हालांकि बुधवार शाम को कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में हुई बारिश और तेज हवा ने लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत दी। मौसम विभाग ने गुरुवार को दक्षिण बंगाल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश तथा उत्तर बंगाल के कई हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक मजबूत ट्रफ रेखा बनी हुई है, जो गांगेय पश्चिम बंगाल के ऊपर से गुजर रही है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से पश्चिम बंगाल में वर्षा की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

गुरुवार सुबह दक्षिण बंगाल के कई जिलों में धूप निकल सकती है और मौसम सामान्य रहने की संभावना है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ आंशिक बादल छाए रहेंगे और दोपहर बाद कई इलाकों में बारिश तथा गरज-चमक के साथ आंधी आने की संभावना है।

मौसम विभाग ने कोलकाता, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली और पूर्व मेदिनीपुर में गरज-चमक के साथ बारिश की प्रबल संभावना जताई है। इसके अलावा पूर्व बर्दवान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद में भी बारिश हो सकती है।

इन जिलों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें।

हालांकि विभाग का कहना है कि बारिश के बावजूद तापमान में बहुत अधिक गिरावट की संभावना नहीं है। अगले कुछ दिनों तक उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है, लेकिन बारिश से अस्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

उत्तर बंगाल में मानसून सक्रिय होने के कारण कई जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने दार्जिलिंग, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर के लिए भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।

इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार से उत्तर बंगाल में भारी बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर