home page

दक्षिण बंगाल में बढ़ेगी गर्मी और उमस, 18 अप्रैल तक अलर्ट जारी

 | 
दक्षिण बंगाल में बढ़ेगी गर्मी और उमस, 18 अप्रैल तक अलर्ट जारी


कोलकाता, 13 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में चैत्र के अंतिम दिनों के साथ ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आने वाले दिनों में दक्षिण बंगाल के बड़े हिस्से में गर्म और उमस भरी स्थिति बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 14 से 18 अप्रैल के बीच लोगों को गर्मी और उमस को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।

अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बिहार से मणिपुर तक एक अक्ष रेखा बनी हुई है, जो समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इसके प्रभाव से पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से गंगा के मैदानों में शुष्क हवाएं प्रवेश कर रही हैं, जिससे तापमान और आर्द्रता दोनों में बढ़ोतरी हो रही है।

मंगलवार से लेकर अगले रविवार तक दक्षिण बंगाल के पश्चिमी जिलों -पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा और पश्चिम बर्धमान में गर्म और उमस भरे मौसम की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में भी तापमान में वृद्धि होगी और हवा में नमी अधिक रहने के कारण लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल बारिश की संभावना जताई गई है।

वहीं, उत्तर बंगाल के जिलों के लिए अभी कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले तीन दिनों में वहां तापमान तीन से चार डिग्री तक बढ़ सकता है, जिसके बाद अगले चार दिनों तक तापमान स्थिर रहने का अनुमान है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, अलीपुरद्वार, कलिम्पोंग, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों में लगभग हर दिन हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सुबह 11 बजे से शाम चार बजे के बीच तेज धूप में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की हिदायत दी गई है, भले ही प्यास महसूस न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर