home page

मौसम : बंगाल के तापमान में गिरावट के आसार

 | 

कोलकाता, 05 फरवरी (हि.स.)।

वैलेंटाइन सप्ताह शुरू होने से पहले ही कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल में एक बार फिर ठंड लौटने के संकेत मिले हैं। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इससे कोलकाता का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की संभावना है। इसके बाद तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बना रहेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, मौजूदा सर्दियों के मौसम में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। जनवरी के अंत से पारा चढ़ने लगा था, लेकिन अब एक बार फिर ठंड ने ‘यू-टर्न’ लिया है। वैलेंटाइन सप्ताह से पहले ठंड की वापसी की खबर से शीतप्रेमियों में उत्साह है।

गुरुवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम है। गुरुवार को हवा में नमी का स्तर अधिकतम 89 प्रतिशत और न्यूनतम 45 प्रतिशत रहा।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तर और दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में कोहरे की संभावना जताई है। पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, पुरुलिया, झाड़ग्राम, पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना में सुबह के समय दृश्यता कम रह सकती है। इसके अलावा दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है, जहां कुछ स्थानों पर दृश्यता घटकर 50 मीटर तक पहुंच सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर