home page

बंगाल में सर्दी बढ़ी, कोलकाता में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के करीब

 | 
बंगाल में सर्दी बढ़ी, कोलकाता में न्यूनतम तापमान  15 डिग्री के करीब


कोलकाता, 11 दिसंबर (हि.स.)। राज्य में सर्दी इस बार शुरुआत से ही ज़ोरदार बनी हुई है। उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं ने तापमान को सामान्य से नीचे ला दिया है और लगभग सभी ज़िलों में ठिठुरन महसूस की जा रही है। गुरुवार को जारी मौसम विभाग के बयान के अनुसार पूरे सप्ताह सर्दी का असर इसी तरह जारी रहने वाला है और फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।

गुरुवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज होने का अनुमान है। सुबह से ही शहर काफ़ी धुंध में ढका रहा, हालांकि दिन चढ़ने के साथ आकाश साफ़ होने की संभावना है। विभाग का कहना है कि सूर्यास्त के बाद ठंड और बढ़ेगी। अभी कोलकाता के दिन और रात, दोनों तापमान ही सामान्य से नीचे हैं। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले सप्ताह के मध्य तक तापमान और गिरकर लगभग 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

पश्चिमी जिलों बांकुड़ा और पुरुलिया में तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दूसरी ओर, तटीय जिलों में तापमान थोड़ा अधिक रहेगा। सुबह हल्की से मध्यम धुंध देखने को मिल सकती है, जो दोपहर तक धीरे–धीरे कम हो जाएगी।

उत्तर बंगाल का मौसम फिलहाल बेहद सुहावना बना हुआ है। पहाड़ी शहर दार्जिलिंग में आज न्यूनतम तापमान लगभग चार डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग ने बताया है कि अगले सप्ताह उत्तर बंगाल में तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि कूचबिहार और जलपाईगुड़ी में तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। उत्तर के सभी ज़िलों में घनी धुंध बनी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर