चक्रवात का असर कमजोर, दक्षिण बंगाल में मौसम होगा साफ
कोलकाता, 31 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में मौसम को लेकर राहत की खबर है। चक्रवात का असर राज्य से कमजोर होकर मध्य भारत की ओर बढ़ गया है। अलीपुर मौसम विभाग (आरएमसी कोलकाता) के अनुसार, शनिवार से कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों में मौसम साफ होने लगेगा। इसके साथ ही बारिश की गतिविधियों में भी काफी कमी आने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, चक्रवात का मुख्य असर अब समाप्त हो चुका है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में हल्का मौसमी सिस्टम बन रहा है, लेकिन फिलहाल पश्चिम बंगाल के लिए मौसम विभाग ने कोई गंभीर चेतावनी जारी नहीं की है।
दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना तथा पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में आसमान से बादल छंटने लगेंगे। दिन में धूप निकलने की संभावना है। हालांकि, कुछ इलाकों में हल्की उमस महसूस हो सकती है। दोपहर या शाम के समय एक-दो स्थानों पर हल्की छिटपुट बारिश हो सकती है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
वहीं, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में नमी बनी रहने के कारण कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और पर्यटकों को रास्तों पर आवाजाही के दौरान सामान्य सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, भारी बारिश और चक्रवात से जुड़ा खतरा अब काफी कम हो गया है। हालांकि, मौसम में बदलाव के दौरान कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

