आसनसोल में बिजली विभाग के तांबे के केबल चोरी करते तीन युवक गिरफ्तार
पश्चिम बर्दवान, 24 जुलाई (हि. स.)। आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के महिशिला स्थित खुदीराम पार्क, शिमुलतला इलाके में बिजली विभाग के तांबे के केबल चोरी करने आए तीन युवकों को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के अनुसार, पिछले कई महीनों से इस इलाके में बिजली के केबल चोरी होने की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। इसके कारण रात के समय अंधेरा छा जाता था और लोगों को बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। गुरुवार सुबह कुछ लोगों को संदिग्ध परिस्थितियों में बिजली के केबल काटते हुए देखा गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से नाराज लोगों ने तीनों आरोपितों की पिटाई कर दी। सूचना पाकर आसनसोल दक्षिण थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित भीड़ से आरोपितों को सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें थाने ले जाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी गिरोह के कारण इलाके में बार-बार बिजली के केबल चोरी हो रहे थे, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित होती थी। तीनों आरोपियों के पकड़े जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ चोरी तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। यह भी जांच की जा रही है कि वे अन्य किन-किन स्थानों पर केबल चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

