home page

डीजल आपूर्ति संबंधी निर्देशों पर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने जिला प्रशासन संग की बैठक

 | 
डीजल आपूर्ति संबंधी निर्देशों पर पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने जिला प्रशासन संग की बैठक


पश्चिम बर्दवान, 13 जून (हि.स.)। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर केंद्र सरकार द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों के बीच वेस्ट बंगाल पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को पश्चिम बर्दवान के जिला अधिकारी संग बैठक कर विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा।

संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि हाल के अंतरराष्ट्रीय हालात और क्रूड सप्लाई को लेकर सरकार ऊर्जा प्रबंधन एवं विदेशी मुद्रा खर्च को नियंत्रित करने की दिशा में काम कर रही है। इसी क्रम में केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोलियम कंपनियों और डीलरों के लिए कुछ आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। 12 जून को जारी गजट नोटिफिकेशन के बाद कई क्षेत्रों में ईंधन आपूर्ति को लेकर व्यावहारिक चुनौतियां सामने आ रही हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए संगठन के सचिव डी. दीप राय चौधरी ने कहा कि तेल कंपनियां बड़े कॉरपोरेट संस्थानों को विशेष दरों पर ईंधन उपलब्ध कराती हैं जबकि आम उपभोक्ताओं को खुदरा मूल्य पर खरीदना पड़ता है। उन्होंने बताया कि नए निर्देशों के तहत बड़े औद्योगिक एवं संस्थागत उपभोक्ताओं—जैसे आईएसपी, डीसीपी, वेस्ट बंगाल इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड, बीबीसी, पीएसबीएल, ग्रेफाइट इंडिया सहित अन्य संस्थानों को प्रतिदिन 200 लीटर से अधिक डीजल की आपूर्ति नहीं की जा सकेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि कंटेनर के माध्यम से डीजल आपूर्ति पर भी प्रतिबंध लगाए जाने से कई संस्थानों को परेशानी हो सकती है। विशेष रूप से ऐसे प्रतिष्ठान जो डीजे जनरेटर या बैकअप सिस्टम पर निर्भर हैं, वहां डीजल को सीधे स्थानांतरित करना संभव नहीं होता और कंटेनर की आवश्यकता पड़ती है।

एसोसिएशन की ओर से जिला प्रशासन से आग्रह किया गया कि इन व्यावहारिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं ताकि उद्योग, संस्थान और उपभोक्ता प्रभावित न हों।

प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद जिला प्रशासन ने इन मुद्दों को संज्ञान में लेते हुए इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम समेत संबंधित कंपनियों के साथ चर्चा कर जल्द समाधान निकालने का आश्वासन दिया।

इस मौके पर वेस्ट बंगाल पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के जिला सचिव विश्वजीत राय चौधरी, जोनल सचिव आसनसोल राजू अग्रवाल समेत संगठन के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा