home page

पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का सियालदह से धर्मतला तक मार्च

 | 

कोलकाता, 31 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल पुलिस में सिपाही भर्ती परीक्षा के परिणाम की मांग को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने कोलकाता में मार्च निकाला। सियालदह से शुरू हुआ अभ्यर्थियों का मार्च धर्मतला तक पहुंचा। तेज बारिश के बावजूद हजारों अभ्यर्थी हाथों में तख्तियां लेकर सड़क पर उतरे।

अभ्यर्थियों के अनुसार, पश्चिम बंगाल पुलिस में भर्ती के लिए वर्ष 2024 में विज्ञप्ति जारी की गई थी। नवंबर 2025 में लिखित परीक्षा हुई। इसके बाद शारीरिक क्षमता परीक्षा भी आयोजित की गई। सफल अभ्यर्थियों को फरवरी 2026 में साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि फरवरी में साक्षात्कार होने के बाद उन्हें बताया गया था कि विधानसभा चुनाव के कारण भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी और चुनाव के बाद नियुक्ति की जाएगी। मई में चुनाव परिणाम आने के बाद भी अब तक साक्षात्कार का परिणाम जारी नहीं किया गया है। सितंबर शुरू होने वाला है, लेकिन परिणाम को लेकर अभी भी कोई स्पष्टता नहीं है।

इसी के विरोध में सोमवार को राज्य के विभिन्न जिलों से अभ्यर्थी कोलकाता पहुंचे। उनका कहना है कि वे अपनी मेहनत से मिली नौकरी के लिए आंदोलन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने मांग की कि दुर्गापूजा से पहले भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी किया जाए, ताकि इस पूजा में वे पुलिस की वर्दी पहनकर सेवा में शामिल हो सकें।

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों के हाथों में विभिन्न संदेश लिखी तख्तियां थीं। इनमें ‘इस बार पूजा में वर्दी चाहिए’ और ‘परिणाम के बिना वापस नहीं लौटेंगे’ जैसे संदेश लिखे थे।

अभ्यर्थियों के इस मार्च के कारण सोमवार दोपहर धर्मतला और आसपास के इलाकों में भारी यातायात जाम की स्थिति पैदा हो गई। इससे यात्रियों और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

अभ्यर्थियों ने स्पष्ट कहा कि वे अपने अधिकार की नौकरी के लिए सड़क पर उतरे हैं और परिणाम जारी होने तक उनकी मांग जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता