home page

डब्ल्यूबीसीएस प्रारंभिक परीक्षा को लेकर रेलवे की विशेष पहल, रविवार को चलेंगी अतिरिक्त लोकल ट्रेनें

 | 
डब्ल्यूबीसीएस प्रारंभिक परीक्षा को लेकर रेलवे की विशेष पहल, रविवार को चलेंगी अतिरिक्त लोकल ट्रेनें


खड़गपुर, 12 जून (हि. स.)। 14 जून को आयोजित होने वाली डब्ल्यूबीसीएस (कार्यकारी) प्रारंभिक परीक्षा-2024 को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल ने परीक्षार्थियों और आम यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था करने का निर्णय लिया है। इसके तहत रविवार को सामान्यतः रद्द रहने वाली कई ईएमयू और एमईएमयू लोकल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक सुगमता से पहुंचाने के उद्देश्य से यह विशेष व्यवस्था की गई है। 14 जून, रविवार को कई लोकल ट्रेनें अपने निर्धारित समयानुसार संचालित होंगी, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

विशेष व्यवस्था के तहत अप दिशा में चलने वाली ईएमयू ट्रेनों में 38917 हावड़ा-आमता, 38313 हावड़ा-मेचेदा, 38435 हावड़ा-पांसकुड़ा, 38443 हावड़ा-पांसकुड़ा, 38445 हावड़ा-पांसकुड़ा और 38703 हावड़ा-खड़गपुर शामिल हैं।

इसी प्रकार डाउन दिशा में 38708 खड़गपुर-हावड़ा, 38414 पांसकुड़ा-हावड़ा, 38420 पांसकुड़ा-हावड़ा, 38426 पांसकुड़ा-हावड़ा, 38104 उलुबेरिया-हावड़ा तथा 38922 आमता-हावड़ा ईएमयू सेवाएं चलाई जाएंगी।

इसके अलावा एमईएमयू सेवाओं में अप दिशा में 68093 खड़गपुर-झारग्राम एमईएमयू तथा 68023 झारग्राम-पुरुलिया एमईएमयू का संचालन होगा। वहीं डाउन दिशा में 68024 पुरुलिया-झारग्राम एमईएमयू और 68094 झारग्राम-खड़गपुर एमईएमयू सेवा उपलब्ध रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता