सात लाख से अधिक परीक्षार्थी, 826 परीक्षा केंद्र : 14 को खत्म होगी उच्च माध्यमिक के तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा
कोलकाता, 19 सितंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद की तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं आगामी 21 सितंबर से शुरू होने जा रही हैं। शिक्षा परिषद द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस साल तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा में कुल सात लाख 22 हजार 547 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे।
शिक्षा परिषद ने बताया है कि इन परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए राज्य भर में 2105 वेन्यू और 826 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके साथ ही, परीक्षा के दौरान शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की छुट्टियों को लेकर भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। नए नियमों के अनुसार, परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार का अवकाश लेने से पहले कर्मचारियों को शिक्षा परिषद के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय से पूर्व अनुमति लेनी होगी।
दिशा-निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि यदि पति और पत्नी दोनों सरकारी या अर्ध-सरकारी सेवा में कार्यरत हैं, तो परीक्षा के दिनों में उनमें से केवल एक को ही छुट्टी मिल सकेगी। इसके लिए आवेदन के साथ आवश्यक घोषणा पत्र जमा करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, यदि किसी शिक्षक या कर्मचारी का बच्चा उसी स्कूल में परीक्षा दे रहा है जहां वे कार्यरत हैं, तो उस कर्मचारी को परीक्षा से जुड़ी किसी भी जिम्मेदारी से दूर रखा जाएगा। परीक्षा की पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उन्हें प्रक्रिया से अलग रखा जाएगा।
गौरतलब है कि आगामी छह अक्टूबर को नंदीग्राम और रेजीनगर में विधानसभा उपचुनाव होने हैं, जिनके नतीजे 9 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। पहले जारी किए गए रूटीन में चुनाव के दिन भी परीक्षा निर्धारित थी। इस वजह से 10 सितंबर को एक अधिसूचना जारी कर तीन दिनों की परीक्षा टाल दी गई थी। बाद में करम पूजा के कारण भी परीक्षा के कार्यक्रम में बदलाव किया गया था। परिणामस्वरूप, जो परीक्षा 7 अक्टूबर को समाप्त होने वाली थी, वह अब 14 अक्टूबर यानी दुर्गा पूजा की चतुर्थी के दिन संपन्न होगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

