चुनाव 26 : मंदिर में पूजा के बाद स्वर्णपदक विजेता स्वप्ना ने दाखिल किया नामांकन
राजगंज, 06 अप्रैल (हि. स.)। जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज से तृणमूल उम्मीदवार स्वप्ना बर्मन ने सोमवार सुबह अपने घर बोडागंज में भमरी देवी की पूजा के बाद अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। एशियन गेम्स में स्वर्णपदक जीतने वाली एथलीट ने अपनी जीत का भरोसा जताया है। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद, उन्होंने त्याग की कहानी सुनाई।
उन्होंने कहा कि राजगंज के लोग मुझसे बहुत प्यार करते हैं। मैंने कुछ दिन अभियान चलाया। मैं घर जा रही हूं। मैं बहुत खुश हूं। उन्होंने यह भी कहा कि मैं राजगंज की लड़की हूं। मेरा पेशा खेल है। मैंने बहुत त्याग के बाद अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है।
गौरतलब है कि, एक महीने पहले स्वर्णपदक जीतने वाली एथलीट स्वप्ना बर्मन तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुई थीं। उन्हें पार्टी ने जलपाईगुड़ी की राजगंज सीट से भी उम्मीदवार बनाया था। इस सीट पर तृणमूल विधायक खगेश्वर रॉय को इस बार टिकट नहीं मिला। इसके बाद न्होंने अपना गुस्सा ज़ाहिर किया था। लेकिन, बाद में वरिष्ठ नेताओं के समझाने के बाद वह शांत हुए। इस बीच स्वप्ना बर्मन एक मुश्किल में पड़ गईं थी। वह नॉर्थ-ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के अलीपुरद्वार डिवीजन में काम करती हैं। रेलवे में उनकी नौकरी चुनाव लड़ने में रुकावट बन गई। स्वप्ना ने व्यक्तिगत काम का हवाला देकर एक महीने पहले अपने काम की जगह से छुट्टी ले ली थी।
रेलवे का आरोप है कि छुट्टी के दौरान वह राजनीति में सक्रिय थीं। जिससे कानूनी मुश्किलें शुरू हुईं। नियमानुसार, सरकारी नौकरी करने वाला व्यक्ति चुनाव नहीं लड़ सकता। रेलवे ने स्वप्ना पर अनुशासन तोड़ने का आरोप लगाया। हालांकि, भारतीय रेलवे ने उनका इस्तीफ़ा मान लिया लेकिन एनओसी को लेकर विवाद गहरा गया।
इधर, रविवार शाम को चुनाव आयुक्त ने बताया कि उसने स्वप्ना को 'नो ड्यूस सर्टिफिकेट' दे दिया है। जिसके बाद उन्हें उम्मीदवार बनने की मुश्किलें खत्म हो गई। आगामी 23 मई को जलपाईगुड़ी के राजगंज में चुनाव होंगे। स्वप्ना ने आखिरी दिन वहां उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

