home page

मौसम के पहले कालबैशाखी तूफान से कोलकाता सहित कई जिले प्रभावित, तेज आंधी-बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

 | 
मौसम के पहले कालबैशाखी तूफान से कोलकाता सहित कई जिले प्रभावित, तेज आंधी-बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त


कोलकाता, 17 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में मौसम के पहले कालबैशाखी तूफान ने सोमवार शाम को कोलकाता सहित राज्य के कई जिलों में भारी तबाही मचाई। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के कारण कई जगह पेड़ गिर गए, बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचा और सड़क यातायात प्रभावित हुआ।

पिछले कुछ दिनों से राज्य के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही थी, लेकिन सोमवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। इसके बाद तेज तूफान चला, जिसने कोलकाता, पश्चिम मेदिनीपुर, हावड़ा और हुगली सहित कई जिलों में असर दिखाया। कोलकाता में हवा की रफ्तार करीब 72 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने सोमवार रात को हावड़ा, कोलकाता, दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर जिलों के लिए लाल चेतावनी जारी की थी। इन क्षेत्रों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई थी। वहीं उत्तर 24 परगना जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। चेतावनी के कुछ ही समय बाद तेज आंधी और बारिश ने कई इलाकों में नुकसान पहुंचाया।

कोलकाता के पास बजबज ट्रंक रोड पर जिंजिरा बाजार के निकट एक बड़े होर्डिंग का गेट टूटकर गिर गया, जिससे सड़क के एक हिस्से को बंद करना पड़ा। शहर के कई हिस्सों में पेड़ टूटकर बिजली के तारों पर गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। वहीं शहर के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी देखी गई।

पश्चिम मेदिनीपुर जिले के घाटाल क्षेत्र में भी तेज आंधी के कारण कई जगह पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे यातायात बाधित हो गया। दासपुर इलाके में एक सड़क दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए। आजुरिया–सोनाखाली रोड के हरिदास असुदतला इलाके में तेज तूफान के दौरान एक पेड़ गिरकर मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों पर गिर पड़ा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

रविवार शाम को भी बांकुड़ा, पुरुलिया और मेदिनीपुर सहित कई जिलों में बारिश हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड की ओर से आए गरज वाले बादलों के कारण राज्य में यह मौसम परिवर्तन हुआ है।

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर बंगाल के जिलों में भी आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर तथा मालदा जिलों में भी छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय