home page

अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ीं, सिलीगुड़ी में भड़काऊ भाषण के आरोप में नई शिकायत दर्ज

 | 
अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ीं, सिलीगुड़ी में भड़काऊ भाषण के आरोप में नई शिकायत दर्ज


कोलकाता, 13 जून (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। कालीघाट स्थित उनके आवास पर सीआईडी की तलाशी कार्रवाई के बीच अब सिलीगुड़ी में उनके खिलाफ एक और शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में उन पर चुनाव प्रचार के दौरान कथित रूप से भड़काऊ और भय का माहौल पैदा करने वाले बयान देने का आरोप लगाया गया है।

सिलीगुड़ी साइबर सेल थाने में व्यापारी संजय कुमार सिंघल ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान अभिषेक बनर्जी द्वारा दिए गए कुछ भाषणों में ऐसी टिप्पणियां की गईं, जिन्हें भड़काऊ और तनाव बढ़ाने वाला माना जा सकता है। शिकायतकर्ता के अनुसार इन भाषणों के वीडियो सोशल मीडियो पर भी प्रसारित हुए, जिससे राजनीतिक माहौल प्रभावित होने की आशंका है।

संजय कुमार सिंघल ने अपनी शिकायत में कहा है कि एक निर्वाचित सांसद द्वारा इस प्रकार की भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक शिष्टाचार के अनुरूप नहीं है। आरोप लगाया कि अभिषेक बनर्जी ने अपने भाषणों में केंद्रीय गृह मंत्री का नाम लेते हुए चुनौतीपूर्ण टिप्पणियां की थीं, जिससे आम लोगों के बीच भय और असुरक्षा की भावना पैदा हो सकती है।

शिकायतकर्ता ने कहा कि यदि कोई राजनीतिक नेता सार्वजनिक रूप से यह संदेश देता है कि इस बार नरमी नहीं बरती जाएगी, तो इससे लोगों में डर का माहौल बनना स्वाभाविक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल को निशाना बनाना नहीं, बल्कि कानून के समक्ष सभी नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की समान जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

इस बीच शनिवार तड़के आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) की एक टीम ने कोलकाता के कालीघाट स्थित अभिषेक बनर्जी के आवास पर तलाशी अभियान चलाया। तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने दावा किया कि सुबह करीब तीन बजे पुलिस और अन्य अधिकारी वहां पहुंचे तथा बाद में घर का ताला खोलकर तलाशी ली गई। उनके अनुसार करीब 90 मिनट तक चली इस कार्रवाई में कोई आपत्तिजनक सामग्री या सबूत नहीं मिला।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर