home page

सिलीगुड़ी में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 62.40 लाख की सामग्री जब्त

 | 
सिलीगुड़ी में अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 62.40 लाख की सामग्री जब्त


कोलकाता, 30 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सिलीगुड़ी में आबकारी विभाग ने अवैध शराब बनाने वाली एक इकाई का भंडाफोड़ करते हुए लगभग 62.40 लाख रुपये मूल्य की कच्ची सामग्री और उपकरण जब्त किए हैं। यह जानकारी चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को दी।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में करीब 1,560 लीटर ओपी स्पिरिट (सर्जिकल स्पिरिट) बरामद की गई। यह पदार्थ अवैध शराब बनाने में प्रमुख रूप से इस्तेमाल किया जाता है।

अधिकारियों को आशंका है कि विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से राज्य में बड़े पैमाने पर अवैध शराब खपाने की योजना बनाई गई थी। आबकारी विभाग ने इस संबंध में चुनाव आयोग को भी जानकारी दी है, जिसके बाद निगरानी और एहतियाती उपाय बढ़ा दिए गए हैं।

छापेमारी के दौरान ओपी स्पिरिट के अलावा दो प्रसिद्ध शराब ब्रांड के नकली लेबल, फर्जी होलोग्राम, बोतल के ढक्कन और बड़ी संख्या में खाली प्लास्टिक बोतलें भी जब्त की गईं।

जब्त सामग्री में एक ब्रांड के लगभग 14 हजार नकली लेबल और दूसरे ब्रांड के तीन हजार से अधिक लेबल शामिल हैं। इसके अलावा 984 फर्जी होलोग्राम, 440 बोतल कैप और 35 खाली बोतलें भी बरामद की गईं।

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई के दौरान कोई वैध शराब बरामद नहीं हुई। आबकारी विभाग के अनुसार सभी बरामद सामग्री का उपयोग केवल नकली शराब बनाने के लिए किया जाना था।

अधिकारियों ने बताया कि ओपी स्पिरिट को प्रोसेस कर नकली लेबल और होलोग्राम लगाकर ब्रांडेड शराब के रूप में बाजार में बेचने की योजना थी। खुफिया जानकारी के आधार पर आबकारी विभाग ने छापा मारकर इन सामग्रियों को नष्ट कर दिया।

प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि अवैध शराब का इस्तेमाल मतदाताओं को लुभाने के लिए किया जा सकता था, साथ ही इससे लोगों के स्वास्थ्य को भी गंभीर खतरा हो सकता था। चुनाव आयोग ने कहा कि ऐसी शराब का सेवन गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकता है।

उल्लेखनीय है कि, पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा, जबकि मतगणना चार मई को निर्धारित है। चुनाव आयोग ने सभी निर्वाचन क्षेत्रों में प्रेक्षकों की तैनाती करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर