डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर पश्चिम बंगाल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम
कोलकाता, 06 जुलाई (हि.स.)। भारत केसरी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर सोमवार को पश्चिम बंगाल में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर राज्य के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता, उद्योग मंत्री तापस राय, खेल मंत्री इंद्रनील खां, सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती तथा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तथागत राय भी उपस्थित रहे और श्रद्धांजलि अर्पित की।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के उपलक्ष्य में कोलकाता के मुरलीधर सेन लेन स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद शमिक भट्टाचार्य सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
अपने संबोधन में शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कभी प्रतिशोध की राजनीति नहीं की। उन्होंने कहा कि आज पश्चिम बंगाल में डॉ. मुखर्जी के आदर्शों पर आधारित सरकार कार्य कर रही है।
इससे पहले सुबह पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने इको पार्क में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
जयंती के अवसर पर राज्य के विभिन्न जिलों में भी भाजपा की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। मेदिनीपुर शहर के वार्ड संख्या नौ स्थित भाजपा कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर विधायक शंकर गुच्छैत सहित पार्टी के अनेक नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों, राष्ट्रवादी दृष्टिकोण तथा उनके राजनीतिक योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

