चांपदानी में आरएसएस का पथ संचलन, सैकड़ों स्वयंसेवकों ने लिया हिस्सा
हुगली, 11 अक्टूबर (हि. स.)। हुगली जिले के भद्रेश्वर थाना अंतर्गत चांपदानी नगर में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस)
की ओर से पथ संचलन का आयोजन किया गया। इस पथ संचलन में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अनुशासित ढंग से निकले इस संचलन के दौरान स्वयंसेवकों में राष्ट्रभक्ति, संगठन के प्रति समर्पण और सामाजिक एकता की भावना देखने को मिली।
पथ संचलन का शुभारंभ चांपदानी के इंदिरा मैदान से हुआ। स्वयंसेवक बांस बागान मोड़, आरबीएस रोड, जोड़ा मंदिर और बीएम रोड होते हुए जीटी रोड पहुंचे। इसके बाद संचलन पुनः इंदिरा मैदान पहुंचा, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर चांपदानी विधानसभा के विधायक दिलीप सिंह ने भी पथ संचलन में भाग लेकर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में चांपदानी नगर कार्यवाह मनीष सिंह, जिला शारीरिक प्रमुख कमलेश मिश्रा, मिथिलेश यादव, गजेंद्र राम, बनारसी प्रसाद,शैलेश सिंह रामजी आर्य, नरेंद्रजीत वर्मा, राजेश श्रीवास्तव, संजय पटवा, उमेश श्रीवास्तव और अशोक वर्मा अशोक सिंह सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक रहे।
इस अवसर पर चांपदानी नगर कार्यवाह मनीष सिंह ने कहा कि संघ स्वयंसेवकों के त्याग, तपस्या और समर्पण से राष्ट्रसेवा की भावना निरंतर मजबूत हो रही है। संघ अपनी शाखाओं के माध्यम से स्वयंसेवकों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सामाजिक समरसता और सेवा के संस्कार विकसित करने का कार्य करता है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को प्रतिदिन एक घंटे के लिए शाखा में भेजें, ताकि उनमें बचपन से ही अच्छे संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित हो सके।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। संगठित, संस्कारित और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक ही एक सशक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

