आरजी कर अस्पताल की लिफ्ट में फंसकर व्यक्ति की मौत, विरोध-प्रदर्शन
कोलकाता, 20 मार्च (हि.स.)। कोलकाता के सरकारी आरजीकर अस्पताल में शुक्रवार को लिफ्ट में फंसने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों और परिचितों ने अस्पताल परिसर में विरोध-प्रदर्शन किया और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।
मृतक की पहचान अरूप बंद्योपाध्याय के रूप में हुई है, जो कोलकाता के उत्तरी उपनगर दमदम के निवासी थे। जानकारी के अनुसार उनका बेटा अस्पताल के ट्रॉमा केयर सेंटर में भर्ती है।
बताया गया है कि शुक्रवार सुबह अरूप बंद्योपाध्याय अपने बेटे से मिलने ट्रॉमा केयर सेंटर जा रहे थे, जो अस्पताल की एक इमारत की पांचवीं मंजिल पर स्थित है। इसी दौरान वह लिफ्ट में फंस गए। परिजनों का आरोप है कि लिफ्ट बीच में ही अटक गई और वह करीब एक घंटे तक उसमें फंसे रहे।
परिजनों का कहना है कि घटना के समय वहां कोई लिफ्ट संचालक मौजूद नहीं था और न ही अस्पताल का कोई कर्मचारी समय पर मदद के लिए पहुंचा। आरोप है कि समय पर सहायता मिलती तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि मामले की जांच कराई जाएगी और सभी शिकायतों पर उचित कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक अस्पताल की ओर से मौत के कारणों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। पुलिस परिजनों को समझाकर अस्पताल परिसर से हटाने का प्रयास कर रही है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

