पुजारियों और मुअज्जिनों के मानदेय में 500 रुपये की बढ़ोतरी : ममता बनर्जी
कोलकाता, 16 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को पुजारियों और मुअज्जिनों के मासिक मानदेय में 500 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बढ़ोतरी के बाद अब पुजारियों और मुअज्जिनों को हर महीने दो हजार रुपये का मानदेय मिलेगा। उन्होंने कहा कि इन लोगों की सेवा समाज के आध्यात्मिक और सामाजिक जीवन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पुजारियों और मुअज्जिनों की ओर से जो नए आवेदन विधिवत जमा किए गए थे, उन्हें भी राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है।
ममता बनर्जी ने अपने संदेश में कहा कि राज्य सरकार ऐसे वातावरण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां हर समुदाय और हर परंपरा का सम्मान और संरक्षण हो। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि समाज की आध्यात्मिक विरासत के संरक्षकों को उचित पहचान और सहयोग मिले।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

