भवानीपुर में शुभेंदु अधिकारी ने शुरू किया चुनाव प्रचार, ममता बनर्जी पर साधा निशाना
कोलकाता, 21 मार्च (हि.स.)।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से अपना चुनाव प्रचार शुरू किया और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला।
अधिकारी इस बार भवानीपुर से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं। इसके साथ ही शुभेंदु पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम से भी चुनावी मैदान में हैं, जहां से वह दो बार विधायक रह चुके हैं।
शनिवार को उन्होंने प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपने अभियान की शुरुआत की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि “विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर घबराहट और हार का डर मुख्यमंत्री के हाव-भाव में साफ झलक रहा है।”
उन्होंने कहा, “संकेत स्पष्ट है। मुख्यमंत्री ऐसे व्यवहार कर रही हैं, मानो उन्हें कोई कांटा चुभ गया हो। आम जनता समझ चुकी है कि वह घबराई हुई हैं।”
भाजपा द्वारा उन्हें भवानीपुर से उम्मीदवार बनाए जाने पर अधिकारी ने कहा कि इससे पार्टी की गंभीरता स्पष्ट होती है। “यह दर्शाता है कि भाजपा भवानीपुर को लेकर कितनी गंभीर है। मैं पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अनुशासित कार्यकर्ता हूं और मैंने पार्टी के निर्देशों का पालन किया है,” उन्होंने कहा।
नेता प्रतिपक्ष ने केंद्रीय कोलकाता के रेड रोड पर ईद के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि मुस्लिम संगठनों को इस पवित्र अवसर का राजनीतिक उपयोग करने के लिए मुख्यमंत्री की निंदा करनी चाहिए।
इससे पहले, रेड रोड पर ईद समारोह को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के मुख्य सूत्रधार वही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

