कोलकाता में पासपोर्ट कार्यालयों और रीजेंट पार्क डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस
कोलकाता, 26 फरवरी (हि.स.)। महानगर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब ब्रेबोर्न रोड स्थित पासपोर्ट कार्यालय और ई-एम बाइपास के आनंदपुर इलाके में स्थित अन्य पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। ई-मेल में कार्यालयों को विस्फोट कर ध्वस्त करने की चेतावनी दी गई थी।
धमकी मिलते ही दोनों कार्यालयों को तत्काल खाली करा लिया गया। कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तलाशी अभियान के लिए डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता भी बुलाया गया। पूरे परिसर की गहन जांच की गई।
प्राथमिक जांच में अब तक किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी भरा ई-मेल कहां से और किसके द्वारा भेजा गया।
इसी तरह का एक धमकी भरा ई-मेल रिजेंट पार्क स्थित डाकघर को भी भेजा गया, जिससे वहां भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर डाकघर को तुरंत खाली करा लिया गया। रिजेंट पार्क थाना की पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गया।
पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए भेजे गए ई-मेल की तकनीकी पड़ताल कर रही है। फिलहाल सभी स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। -------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

