पश्चिम बर्दवान में ईसीएल ने तीन सीएसआर परियोजनाओं को दी मंजूरी
कोलकाता, 01 अक्टूबर (हि.स.)। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने पश्चिम बर्दवान जिले में तीन प्रमुख कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) परियोजनाओं के लिए आशय पत्र (एलओआई) पर हस्ताक्षर किए हैं। कोलकाता में राज्य के वित्त विभाग द्वारा आयोजित 'सीएसआर गोलमेज सम्मेलन 2026' में ईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) गुंजन कुमार सिन्हा ने औपचारिक रूप से ये आशय पत्र सौंपे। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन का मुख्य विषय सामूहिक सामाजिक प्रभाव के लिए एक विकसित बंगाल का निर्माण रखा गया था। इस कार्यक्रम में राज्य के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता, वरिष्ठ अधिकारियों, केंद्रीय व राज्य के सार्वजनिक उपक्रमों (पीएसयू), निजी क्षेत्र के संगठनों और विभिन्न सीएसआर प्रतिनिधियों ने एक साथ मिलकर राज्य की विकास प्राथमिकताओं और सहयोगात्मक कार्यों की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
ईसीएल द्वारा शुरू की जा रही इन तीन प्रमुख परियोजनाओं में स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर दिया गया है। इनमें 'टीबी मुक्त भारत अभियान' के अंतर्गत 'निक्षय मित्र' पहल के माध्यम से पश्चिम बर्दवान में टीबी मरीजों को पोषण संबंधी सहायता प्रदान करना शामिल है। इसके अलावा, कंपनी के खनन क्षेत्रों के आसपास स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों का नवीनीकरण और कंपनी के किसी एक परिचालन क्षेत्र में जल निकाय (वाटर बॉडी) का जीर्णोद्धार भी इन सीएसआर कार्यों का हिस्सा है।
कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि ये सभी पहल स्थानीय विकास की प्राथमिकताओं और ईसीएल के परिचालन क्षेत्रों के आसपास रहने वाले ग्रामीण और शहरी समुदायों की बुनियादी जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं।
सम्मेलन के दौरान ईसीएल की 'निक्षय मित्र' पहल का विशेष रूप से उल्लेख किया गया और इसकी काफी सराहना हुई। राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव नारायण स्वरूप निगम ने टीबी मरीजों को पोषण सहायता देने और जिले में निवारक स्वास्थ्य सेवा (प्रिवेंटिव हेल्थकेयर) को मजबूत करने के लिए नैदानिक उपकरण (डायग्नोस्टिक इक्विपमेंट) उपलब्ध कराने के ईसीएल के कदम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। ईसीएल ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि वह अपने सीएसआर हस्तक्षेपों के माध्यम से सामुदायिक कल्याण, सतत विकास और अपने संपूर्ण अधिकार क्षेत्र में साझा मूल्यों के निर्माण की दिशा में लगातार और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

