एनआरएस में सीसीयू की छत का हिस्सा गिरा, बाल-बाल बचे 12 मरीज
कोलकाता, 03 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के एनआरएस मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में शुक्रवार सुबह क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) की छत का हिस्सा गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। वहां भर्ती १२ मरीज बाल-बाल बच गए।
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार सुबह एनआरएस की 5वीं मंजिल पर सीसीयू की छत का हिस्सा अचानक गिर गया। इससे मरीज़ों और उनके परिवारों में दहशत फैल गई है। हादसे के बाद, वहां भर्ती 12 मरीज़ों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। इस वार्ड में मरीज़ों की भर्ती काे फिलहाल बंद कर दिया गया है। अस्पताल के सुपरिटेंडेंट को सूचित किया गया। इसके बाद उन्होंने तुरंत वार्ड का निरीक्षण करने और ज़रूरी मरम्मत करने को कहा है।
गौरतलब है कि, हाल ही में आरजीकर अस्पताल में दमदम निवासी अरूप बनर्जी की मौत की लिफ्ट खराब होने से हुई थी। वह अपने बेटे का इलाज कराने आए थे। उस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मृतक के परिवार वालों ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उस घटना बाद शुक्रवार की घटना सामने आने से चर्चा तेज हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

