home page

उत्तर बंगाल विकास विभाग में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई, 122 एजेंसियां ब्लैकलिस्ट : मंत्री निशीथ प्रमाणिक

 | 

कोलकाता, 23 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने गुरुवार को विधानसभा में दावा किया कि पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान उत्तर बंगाल विकास विभाग भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने अनियमितताओं में शामिल 122 एजेंसियों को शोकॉज और ब्लैकलिस्ट किया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

विधानसभा में विभागीय बजट पर चर्चा का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि जिन एजेंसियों के खिलाफ गड़बड़ी के आरोप मिले, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और कई एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग में भ्रष्टाचार करने वालों के लिए कोई जगह नहीं होगी।

मंत्री ने उत्तर बंगाल के लिए कई नई विकास योजनाओं की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि विकास अब केवल कुछ जिलों या विधानसभा क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे उत्तर बंगाल में समान रूप से कार्य किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि उत्तर बंगाल में 100 पर्यटक सूचना केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों में फूड प्लाजा, होमस्टे सुविधा और पर्यटकों के लिए सहायता सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा भारत-बांग्लादेश सीमा पर पांच नए भूमि बंदरगाह विकसित किए जाएंगे तथा प्रत्येक जिले में आधुनिक इनडोर स्टेडियम बनाए जाएंगे।

पर्वतीय क्षेत्रों में यातायात की समस्या दूर करने के लिए विदेशों की तर्ज पर हाइड्रोलिक वाहन पार्किंग प्रणाली शुरू करने की भी घोषणा की गई। मंत्री ने कहा कि इससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों दोनों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर बंगाल में शूटिंग की अनुमति के लिए एकल खिड़की व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे फिल्म निर्माण कंपनियों को सभी आवश्यक मंजूरियां एक ही स्थान से मिल सकेंगी।

निशीथ प्रमाणिक ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उत्तर बंगाल के विकास के लिए आवंटित बजट का एक-तिहाई से भी कम खर्च किया जाता था। उन्होंने विधानसभा को भरोसा दिलाया कि वर्तमान सरकार क्षेत्र के विकास के लिए आवंटित पूरी राशि का उपयोग सुनिश्चित करेगी।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर