न्यू मार्केट के ‘शिखा इन’ में भीषण अग्निकांड मामले में होटल मालिक गिरफ्तार
कोलकाता, 22 अगस्त (हि.स.)। न्यू मार्केट के ‘शिखा इन’ होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद फरार चल रहे होटल मालिक विरेश्वर राव को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उन्हें बेहाला के डायमंड हार्बर रोड स्थित उनके घर से पकड़ा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार रात होटल में आग लगने के बाद वह अपनी कार से झारखंड चले गए थे और वहां छिपे हुए थे। शनिवार को घर लौटने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार देर रात न्यू मार्केट इलाके के ‘शिखा इन’ होटल में लगी आग ने भयावह रूप ले लिया था। इस हादसे में नौ लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में सात बांग्लादेशी नागरिक थे। आग लगने के बाद होटल की अग्निशमन व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर कई गंभीर सवाल उठे। राहत और बचाव अभियान के दौरान दमकलकर्मियों को होटल के भीतर से शव बरामद हुए थे।
हादसे के बाद प्रशासन ने न्यू मार्केट और आसपास के इलाकों में होटल और गेस्ट हाउसों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच तेज कर दी। खास तौर पर अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकास और सुरक्षा मानकों में खामियों की जांच की जा रही है।
शुक्रवार को नगर निगम और दमकल विभाग की संयुक्त टीम ने न्यू मार्केट इलाके में अभियान चलाकर 11 होटलों को बंद कर दिया था। इसके बाद शनिवार को भी कार्रवाई जारी रही और छह और होटलों को बंद किया गया। राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने भी शनिवार को इसकी जानकारी दी।
इस बीच ‘शिखा इन’ के मालिक की गिरफ्तारी को पुलिस की जांच में अहम कार्रवाई माना जा रहा है। इसके पहले होटल को लीज पर लेकर चलने वाले व्यक्ति समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया था।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

