home page

पारिवारिक विवाद में पति ने पत्नी की हत्या की, बचाने आई भाभी पर हमला

 | 
पारिवारिक विवाद में पति ने पत्नी की हत्या की, बचाने आई भाभी पर हमला


नदिया, 22 मार्च (हि. स.)। जिले के शिमुराली इलाके में रविवार को पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने आई अपनी भाभी पर भी उसने हमला कर दिया।

पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृत महिला की पहचान तितु विश्वास (27) के रूप में हुई है, जिनकी शादी करीब दस साल पहले शिमुराली निवासी अहींद्र विश्वास से हुई थी। दंपति की एक आठ-नौ साल की बेटी भी है।

मिली जानकारी के अनुसार, अहींद्र पेशे से झोलाछाप चिकित्सक है और पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार सुबह यह विवाद अचानक बढ़ गया। आरोपित बाजार से लौटने के बाद फिर से पत्नी के साथ झगड़े में उलझ गया, जिसके बाद उसने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया।

मृत महिला की मां असीमा सरकार ने आरोप लगाया कि उनके दामाद ने उनकी बेटी की हत्या की है और वे इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगी। वहीं, मृत महिला के पिता ने भी कहा कि दामाद उनकी बेटी को परिवार से बात करने नहीं देता था और इसी को लेकर अक्सर झगड़े होते थे।

आरोपित की भाभी अर्पणा विश्वास ने बताया कि चीख सुनकर जब वह मौके पर पहुंचीं तो आरोपित ने उन पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं।

घटना के बाद आरोपित फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय