home page

पश्चिम बंगाल: मिड-डे मील में फिर मिलेगा अंडा, एक अगस्त से नई व्यवस्था लागू होगी

 | 
पश्चिम बंगाल: मिड-डे मील में फिर मिलेगा अंडा, एक अगस्त से नई व्यवस्था लागू होगी


कोलकाता, 29 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि राज्य के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील के तहत छात्रों को फिर से अंडा दिया जाएगा। यह नई व्यवस्था एक अगस्त से लागू होगी।

नवान्न में बुधवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों को संतुलित और प्रोटीनयुक्त भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार ने मिड-डे मील में अंडा शामिल करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा, छात्र-छात्राएं ही देश का भविष्य हैं। उन्हें पर्याप्त प्रोटीन वाला पौष्टिक भोजन मिले, इसके लिए यह व्यवस्था की गई है।

राज्य सरकार ने हाल ही में मिड-डे मील के संचालन की जिम्मेदारी इस्कॉन को सौंपी थी। इसके बाद घोषणा की गई थी कि स्कूलों में केवल पौष्टिक शाकाहारी भोजन वितरित किया जाएगा और अंडा मेन्यू का हिस्सा नहीं रहेगा। इस फैसले के बाद व्यापक बहस छिड़ गई थी।

अंडा हटाने के प्रस्ताव का कई अभिभावकों, शिक्षा विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों ने विरोध किया था। उनका कहना था कि मिड-डे मील में मिलने वाला अंडा बच्चों के लिए प्रोटीन का महत्वपूर्ण स्रोत है और कई बच्चे इसी भोजन के भरोसे नियमित रूप से स्कूल आते हैं। इसलिए अंडा पूरी तरह हटाना उचित नहीं होगा।

विवाद के बाद राज्य सरकार ने इस मुद्दे पर पुनर्विचार किया। इसके बाद गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की कि मिड-डे मील में अंडा फिर से शामिल किया जाएगा।

सरकार के अनुसार, फिलहाल कोलकाता के स्कूलों में इस्कॉन की देखरेख में नई व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके परिणामों की समीक्षा के बाद इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे राज्य में लागू करने पर निर्णय लिया जाएगा।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर