यूपीएससी-2025 में पश्चिम बंगाल के 11 सफल अभ्यर्थियों काे मुख्यमंत्री ने दी बधाई
कोलकाता, 07 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्दी ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बताया कि राज्य सरकार के प्रशिक्षण केंद्र से तैयार हुए 11 अभ्यर्थियों ने संघ लोक सेवा आयोग की 2025 की सिविल सेवा परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इनमें लगभग आधी संख्या छात्राओं की है।
मुख्यमंत्री ने सफल अभ्यर्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सत्येंद्र नाथ टैगोर सिविल सर्विस स्टडी सेंटर के माध्यम से अभ्यर्थियों को अत्यंत रियायती दर पर कोचिंग सहायता प्रदान की जाती है और इस पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले जिन अभ्यर्थियों ने अंतिम मेरिट सूची में स्थान हासिल किया है, उनमें दीक्षा राय (40), आकाश कुमार राय (279), वैश्ना विश्वास (367), गौतम ठाकुरी (432), देबज्योति हलदर (443), देबब्रत प्रमाणिक (467), एस. निवेद कुमार (486), मोहसिना बानो (648), जूही दास (649), कीर्ति चौधरी (760) और एनीएला शेरपा (893) शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन अभ्यर्थियों के उत्कृष्ट रैंक के आधार पर उनके भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय पुलिस सेवा सहित अन्य शीर्ष सेवाओं में शामिल होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल के अन्य कई अभ्यर्थियों ने भी इस अखिल भारतीय परीक्षा में सफलता प्राप्त की है और उनके भी शीर्ष सेवाओं में चयनित होने की उम्मीद है।
ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य सरकार के प्रोत्साहन और निरंतर सहयोग ने युवाओं को प्रेरित किया है तथा यह सफलता भविष्य में और अधिक युवाओं को अखिल भारतीय प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने सफल अभ्यर्थियों की उपलब्धि को राज्य के लिए गर्व का विषय बताया।---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

