home page

मल्लिकबाजार : कपड़े के गोदाम में आग, मौके पर दमकल की पांच गाड़ियां

 | 
मल्लिकबाजार : कपड़े के गोदाम में आग, मौके पर दमकल की पांच गाड़ियां


कोलकाता, 25 नवंबर (हि.स.)। कोलकाता में एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई है। बुधवार को मल्लिकबाजार इलाके के एक कपड़े के गोदाम में आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घनी आबादी वाले इलाके में आग बुझाने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

जानकारी के अनुसार, 35, एजेसी बोस रोड स्थित एक मकान में गोदाम था। बुधवार दोपहर वहां अचानक आग लग गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में कपड़े रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। लोगों ने आग देखकर पहले खुद बुझाने की कोशिश की और इसके बाद दमकल को सूचना दी। सूचना पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी प्रयास के बाद आग पर कुछ हद तक काबू पाया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक आग पूरी तरह बुझाई नहीं जा सकी थी।

आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। दमकल अधिकारियों के अनुसार, आग पूरी तरह बुझने के बाद घटना के कारणों की जांच की जाएगी। गोदाम में अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं, इसकी भी जांच होगी। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

उल्लेखनीय है कि, पिछले सप्ताह भी कोलकाता के दो अलग-अलग इलाकों में लगातार आग लगने की घटनाएं हुई थीं। गत 19 नवंबर को पाम एवेन्यू इलाके की एक बस्ती में आग लग गई थी। घनी आबादी के कारण आग तेजी से फैलने लगी थी। स्थानीय लोगों ने पहले आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में दमकल की 14 गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इससे एक दिन पहले, 18 नवंबर को कालीघाट मेट्रो स्टेशन के पास एक ढाबे में आग लगी थी। दमकल की दो गाड़ियों ने आग बुझाई थी। इसी महीने की शुरुआत में महाकरण के पीछे स्थित एक मकान में आग लगी थी, जिसे दमकल की 10 गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद नियंत्रित किया था। इसके कुछ दिन पहले कोलकाता के प्रतिष्ठित साउथ सिटी कॉम्प्लेक्स के टावर नंबर तीन की 28वीं मंजिल स्थित एक फ्लैट में आग लगी थी। दमकल की सात गाड़ियों ने आग पर काबू पाया था। सितंबर महीने में भी कोलकाता में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई थीं।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप