home page

नाका जांच में पूर्व विधायक की गाड़ी से हथियार बरामद, छह गिरफ्तार

 | 
नाका जांच में पूर्व विधायक की गाड़ी से हथियार बरामद, छह गिरफ्तार


मालदह, 22 मार्च (हि. स.)। जिले में नाका जांच के दौरान पूर्व विधायक की गाड़ी से कथित तौर पर एक आग्नेयास्त्र बरामद होने के बाद पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

रविवार को पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने शनिवार रात मालदह थाने की टीम ने 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओल्ड मालदह के चेचुमोड़ इलाके में नाका प्वाइंट बनाकर वाहनों की तलाशी अभियान चलाया था। इसी दौरान मानिकचक के पूर्व विधायक और जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष मोत्ताकिन आलम की गाड़ी वहां से गुजर रही थी, जिसमें छह युवक सवार थे। पुलिस ने गाड़ी को रोककर तलाशी ली, जिसके दौरान एक पिस्तौल बरामद होने का दावा किया गया। बरामद हथियार के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाने पर पुलिस ने गाड़ी में सवार सभी छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

घटना के बाद चुनावी माहौल के बीच इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

तृणमूल नेता विभूतिभूषण घोष ने आशंका जताई कि घटना के पीछे कोई गलत मंशा हो सकती है।

वहीं, कांग्रेस नेताओं ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बरामद हथियार पूर्व विधायक का लाइसेंस प्राप्त है। उनका दावा है कि ईद के दिन व्यस्तता के कारण वह हथियार गाड़ी से निकालना भूल गए थे और बाद में उनके रिश्तेदार उसी गाड़ी से पांडुआ जा रहे थे, तभी पुलिस ने उसे बरामद किया।

पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय