home page

पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर नई पहल, जल्द शुरू होगी जियो-ट्रैकिंग आधारित हेल्पलाइन

 | 
पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर नई पहल, जल्द शुरू होगी जियो-ट्रैकिंग आधारित हेल्पलाइन


कोलकाता, 15 मई (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नई व्यवस्था लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य में महिलाओं के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी करने का निर्देश दिया गया है, जिसे जियो-ट्रैकिंग तकनीक से जोड़ा जाएगा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए आसनसोल दक्षिण की विधायक तथा मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि राज्य में महिलाओं को पूर्ण स्वतंत्रता देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं किसी भी समय, किसी भी जरूरत के लिए घर से बाहर जा सकती हैं और अपनी पसंद के कपड़े पहनने या अपनी जीवनशैली अपनाने के लिए किसी तरह की रोक-टोक का सामना नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित हेल्पलाइन नंबर 181 होगा, जिसके माध्यम से आपात स्थिति में संपर्क करने पर संबंधित महिला की लोकेशन तुरंत ट्रेस की जा सकेगी और उसे त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा राज्य के प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क स्थापित करने की योजना भी लागू की जा रही है, ताकि महिलाओं से जुड़े मामलों का संवेदनशील और त्वरित समाधान हो सके।

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि इस योजना का उल्लेख भाजपा के संकल्प पत्र में भी किया गया था और अब इसे जमीन पर उतारने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य की सभी महिलाओं को सुरक्षित और स्वतंत्र माहौल प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा