home page

कोलकाता पुलिस ने जारी किए सख्त निर्देश - दक्षता बढ़ाने काे हर 15 दिन पर होगी ‘मास्टर परेड’

 | 
कोलकाता पुलिस ने जारी किए सख्त निर्देश - दक्षता बढ़ाने काे हर 15 दिन पर होगी ‘मास्टर परेड’


कोलकाता, 13 मई (हि.स.)। शहर में कानून-व्यवस्था संभालने की क्षमता को और मजबूत करने के उद्देश्य से कोलकाता पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि पुलिसकर्मियों के बीच अनुशासन, समन्वय और टीम भावना बढ़ाने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

पुलिस आयुक्त अजय नंद की ओर से जारी निर्देश के अनुसार अब शहर के प्रत्येक पुलिस डिवीजन में हर 15 दिन पर नियमित रूप से ‘मास्टर परेड’ आयोजित की जाएगी। इसके साथ विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी अनिवार्य किया गया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हाल के दिनों में विभिन्न कानून-व्यवस्था संबंधी परिस्थितियों, प्रदर्शन, जुलूस और भीड़ नियंत्रण के दौरान कई पुलिसकर्मियों, विशेषकर गैर-हथियारबंद शाखा के कर्मियों के बीच समुचित समन्वय की कमी देखी गई थी।

कुछ मामलों में त्वरित निर्णय लेने, टीम के साथ काम करने और भीड़ नियंत्रण से जुड़ी आवश्यक दक्षता की भी कमी सामने आई। इसी को ध्यान में रखते हुए पूरे पुलिस बल को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है।

नए दिशा-निर्देशों के तहत प्रत्येक डिवीजन में हर 15 दिन में एक बार ‘मास्टर परेड’ आयोजित करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा ‘क्राउड मैनेजमेंट’, ‘टीम बिल्डिंग’ और कानून-व्यवस्था प्रबंधन की तकनीकों पर विशेष प्रशिक्षण शिविर भी लगाए जाएंगे।

इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में कांस्टेबल से लेकर सभी रैंक के पुलिसकर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।

निर्देश में यह भी कहा गया है कि प्रत्येक डिवीजन में एक विशेष रजिस्टर रखा जाएगा, जिसमें प्रशिक्षण में शामिल होने वाले पुलिसकर्मियों का पूरा विवरण दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा हर महीने इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट संयुक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) को सौंपनी होगी।

पुलिस विभाग के एक वर्ग के अनुसार शहर में राजनीतिक कार्यक्रमों, धार्मिक आयोजनों, सड़क अवरोध, विरोध प्रदर्शन और भीड़ नियंत्रण से जुड़ी घटनाओं में पहले की तुलना में वृद्धि हुई है।

ऐसे में केवल हथियार संचालन ही नहीं, बल्कि स्थिति को समझने, त्वरित कार्रवाई करने, जनता की मनःस्थिति का आकलन करने और सहकर्मियों के साथ तालमेल बनाकर काम करने की क्षमता भी बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। इसी उद्देश्य से यह नया प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है।

कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का दावा है कि इस पहल से पुलिस बल के भीतर अनुशासन और कार्यकुशलता मजबूत होगी। साथ ही मैदानी स्तर पर काम करने वाले पुलिसकर्मियों का आत्मविश्वास और मानसिक तैयारी भी बेहतर होगी।

सूत्रों के अनुसार आदेश लागू होने के बाद शहर के विभिन्न डिवीजनों में प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा चुकी है और जल्द ही सभी इकाइयों में नए नियमों के तहत परेड और प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर