कोलकाता में 4.3 करोड़ से अधिक की विदेशी मुद्रा के साथ तीन गिरफ्तार
कोलकाता, 25 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के पार्क स्ट्रीट इलाके से पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा बरामद कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद विदेशी मुद्रा का कुल मूल्य 4.3 करोड़ से अधिक बताया जा रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले हुई इस बड़ी कार्रवाई को पुलिस बेहद गंभीरता से ले रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपितों के पास से 4.74 लाख अमेरिकी डॉलर नकद बरामद किए गए, जिसकी भारतीय मुद्रा में कीमत लगभग 4.31 करोड़ आंकी गई है। इसके अतिरिक्त तीन लाख थाई बहत भी जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 8.77 लाख बताई जा रही है।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान सायान दास, असद मोहम्मद पंजाबी और फिरोज खान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पार्क स्ट्रीट क्षेत्र में तीनों की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए उन्हें रोका गया और तलाशी के दौरान यह बड़ी रकम बरामद हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सयान दास पश्चिम बंगाल का निवासी है, हालांकि उसका मुंबई में भी कार्य संचालन का आधार बताया जा रहा है। अन्य दोनों आरोपित मुंबई के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने दावा किया कि वे यह विदेशी मुद्रा कामकाज के सिलसिले में मुंबई ले जा रहे थे और इसे मुद्रा विनिमय के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
हालांकि, पुलिस के अनुसार, आरोपित इतने बड़े पैमाने पर विदेशी मुद्रा रखने अथवा परिवहन करने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या अधिकृत अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके। दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
चूंकि राज्य में विधानसभा चुनाव निकट हैं, इसलिए जांच एजेंसियां इस बरामदगी को विशेष सतर्कता के साथ देख रही हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विदेशी मुद्रा का स्रोत क्या है, इसे कहां ले जाया जा रहा था और इसका वास्तविक उद्देश्य क्या था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस रकम का किसी अवैध वित्तीय गतिविधि या चुनावी प्रक्रिया से कोई संबंध तो नहीं है।
पुलिस ने बताया कि आरोपितों को मंगलवार देर रात गिरफ्तार किया गया और उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है। --------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

