home page

अब कोलकाता के बिराटी में कार सर्विस सेंटर में लगी भीषण आग

 | 

कोलकाता, 24 अगस्त (हि.स.)। उत्तर 24 परगना के बिराटी में सोमवार तड़के यशोर रोड के किनारे स्थित कार सर्विस सेंटर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े चार बजे सर्विस सेंटर से अचानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने पूरे सर्विस सेंटर को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की भयावहता को देखते हुए तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। खबर मिलते ही दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। सर्विस सेंटर में बड़ी संख्या में वाहन और ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, दमकलकर्मी आग को नियंत्रित कर लिया है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

फिलहाल, आग लगने के कारणों का आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। आग में कितना नुकसान हुआ है और सर्विस सेंटर के भीतर कितने वाहन प्रभावित हुए हैं, इसका आकलन हो रहा है।

बिराटी की घटना ऐसे समय हुई है जब पश्चिम बंगाल में हाल के दिनों में लगातार आग की घटनाओं ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पिछले सप्ताह कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई थी। पांच मंजिला इमारत में लगी इस आग के बाद अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन निकास को लेकर सवाल उठे थे।

इससे पहले बीरभूम के तारापीठ में भी एक होटल में आग लगने की घटना में कई लोगों की जान चली गई थी। दोनों घटनाएं महज कुछ दिनों के अंतराल में हुईं और इसके बाद राज्य में होटल, गेस्टहाउस तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच को लेकर प्रशासन सक्रिय हुआ।

कोलकाता के होटल अग्निकांड के बाद अग्निशमन विभाग ने मिर्जा गालिब स्ट्रीट इलाके में कई गेस्टहाउस और रेस्तरां-कम-बार में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच की थी। कुछ प्रतिष्ठानों में नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आने के बाद उन्हें जवाब देने के लिए नोटिस भी जारी किए गए थे।

ऐसे में बिराटी के सर्विस सेंटर में लगी आग ने एक बार फिर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा उपायों की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल दमकल की टीमें कूलिंग में जुटी हैं। यहां अगली सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त थी या नहीं इसकी भी जांच होगी।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर