केएमसी के वार्डों के परिसीमन काे लेकर अधिसूचना जारी, 144 की जगह होंगे 209 वार्ड
कोलकाता, 7 अगस्त (हि.स.)। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) में वार्डों के परिसीमन की प्रक्रिया तेज हो गई है। राज्य के नगर एवं शहरी विकास विभाग ने 209 वार्डों के गठन से संबंधित अधिसूचना शुक्रवार को जारी कर दी है। अधिसूचना में प्रत्येक वार्ड की सीमा और उसमें शामिल क्षेत्रों का विस्तृत विवरण दिया गया है। साथ ही आम नागरिकों और संगठनों को प्रस्तावित परिसीमन पर आपत्ति या सुझाव दर्ज कराने का अवसर भी दिया गया है।
राज्य सरकार का कहना है कि मौजूदा 144 वार्डों में मतदाताओं की संख्या में काफी असमानता है। कहीं वार्ड बहुत बड़े हैं तो कहीं बहुत छोटे, जिससे सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य कराना संभव नहीं हो पा रहा है। इसी कारण वार्डों का पुनर्गठन कर उनकी संख्या बढ़ाकर 209 करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
अधिसूचना के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति या संस्था को प्रस्तावित परिसीमन पर आपत्ति है तो वह निर्धारित अवधि के भीतर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। इन आपत्तियों पर करीब एक से डेढ़ सप्ताह तक विचार किया जाएगा। इसके बाद प्रस्ताव को विधानसभा की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा और फिर अंतिम स्वीकृति के लिए राज्यपाल के पास भेजा जाएगा।
नई अधिसूचना के तहत कोलकाता के कई मौजूदा वार्ड समाप्त हो जाएंगे। कई वार्डों का विलय कर नए वार्ड बनाए जाएंगे, जबकि कुछ क्षेत्रों को दो या तीन वार्डों में पुनर्गठित किया जाएगा। नए परिसीमन में प्रत्येक वार्ड में औसतन 10 से 11 हजार मतदाता या आबादी रखने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके अलावा प्रत्येक वार्ड में मतदान केंद्रों की संख्या भी कम करने की योजना है।
नगर निगम सूत्रों के अनुसार, वर्तमान में 16 बोरो कार्यालय हैं, जिन्हें बढ़ाकर 20 से 25 किए जाने का प्रस्ताव है, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी हो सके।
राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में कुछ वार्ड क्षेत्रफल के लिहाज से बहुत बड़े हैं, जबकि कुछ काफी छोटे हैं। इसके बावजूद सभी पार्षदों को समान वित्तीय आवंटन मिलता है। उनका कहना है कि इस असंतुलन के कारण विकास कार्य प्रभावित होते हैं और परिसीमन का उद्देश्य सभी वार्डों में समान एवं प्रभावी विकास सुनिश्चित करना है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

