ईद के दिन मुर्शिदाबाद में हिंसक झड़प, जमीन विवाद में एक ही परिवार के पांच घायल
मुर्शिदाबाद, 21 मार्च (हि.स.)।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के कांदी थाना क्षेत्र में ईद के दिन जमीन विवाद को लेकर हुए हमले में एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घायलों की पहचान तौहीद शेख (70), उनके दो बेटे आमिरुल शेख (50) और रबिउल शेख (35) तथा उनके दो पोते आसिफ (18) और बनारुल शेख (25) के रूप में हुई है। सभी कांदी थाना क्षेत्र के हाटपाड़ा गांव के निवासी हैं।
बताया गया है कि तौहीद शेख के भतीजे शाहजहां शेख का इलाके के आजिम शेख के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि भतीजे के पक्ष में बोलने पर तौहीद और उनके परिवार पर हमला किया गया।
परिजनों के मुताबिक, ईद की सुबह आजिम शेख और उनकी पत्नी तौहीद के घर पहुंचे और विवाद के दौरान आजिम ने कथित रूप से आग्नेयास्त्र निकालकर तौहीद के सिर पर तान दिया, जिससे वहां धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
तौहीद को बचाने के लिए उनके बेटे और पोते मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावरों ने धारदार हथियार और बंदूक से हमला कर दिया। इस दौरान बंदूक छीन ली गई। सभी घायलों को गंभीर हालत में मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

