पश्चिम बंगाल के 51 सरकारी आईटीआई होंगे आधुनिक, पीपीपी मॉडल पर नई योजना लागू
कोलकाता, 12 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के युवाओं को रोजगार के लिए बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से 51 सरकारी आईटीआई को आधुनिक बनाने की नई योजना तैयार की है। इसके तहत राज्य सरकार निजी उद्योगों के साथ साझेदारी कर संस्थानों को नई तकनीक और आधुनिक मशीनों से लैस करेगी।
राज्य के तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग ने ‘पीएम सेतु’ परियोजना के तहत एक उच्च स्तरीय तकनीकी कार्यशाला आयोजित की। इसमें तकनीकी शिक्षामंत्री जगन्नाथ चटर्जी मौजूद रहे। इस दौरान 51 सरकारी आईटीआई को पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर विकसित करने का रोडमैप घोषित किया गया।
मंत्री ने बताया कि इस योजना में संस्थानों की 17 प्रतिशत हिस्सेदारी और संचालन व्यवस्था में 51 प्रतिशत तक निजी भागीदारी की अनुमति होगी। इससे छात्रों को किताबों की पढ़ाई के साथ-साथ आधुनिक मशीनों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा।
अधिकारियों के अनुसार, उद्योगों से सीधा जुड़ाव होने के कारण छात्र नई तकनीक सीख सकेंगे और कोर्स पूरा करते ही रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। इससे उनकी कार्यक्षमता भी बढ़ेगी।
मंत्री जगन्नाथ चटर्जी ने कहा कि इस योजना को लागू करने में यदि कोई बाधा आती है तो उसे दूर करने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। अधिकारियों का मानना है कि यह पहल राज्य में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

