आईएसएफ ने 23 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, कैनिंग पूर्व से अराबुल इस्लाम को टिकट
कोलकाता, 23 मार्च (हि. स.)। अब्बास सिद्दीकी और नौशाद सिद्दीकी के नेतृत्व वाली इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 23 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी।
सूची में सबसे चर्चित नाम भांगड़ के पूर्व विधायक अराबुल इस्लाम का है, जिन्हें कैनिंग पूर्व विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। तृणमूल कांग्रेस से निष्कासन के बाद अराबुल ने पार्टी छोड़ने की घोषणा की थी।
कैनिंग पूर्व सीट से मौजूदा विधायक शौकत मोल्ला को इस बार तृणमूल ने भांगड़ से मैदान में उतारा है। शौकत मोल्ला और अराबुल इस्लाम के बीच पहले भी राजनीतिक टकराव सामने आ चुका है। ऐसे में आईएसएफ द्वारा अराबुल को कैनिंग पूर्व से टिकट देना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आईएसएफ विधायक नौशाद सिद्दीकी खुद भांगड़ सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, मध्यग्राम से पूर्व एसएफआई नेता प्रियांका बर्मन को उम्मीदवार बनाया गया है। तृणमूल छोड़कर आईएसएफ में शामिल हुए उत्तर 24 परगना जिला परिषद के सदस्य मफिदुल हक साहाजी को देगंगा से टिकट दिया गया है।
आईएसएफ की इस सूची से वाम मोर्चा, खासकर माकपा के भीतर असंतोष की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि घोषित सीटों में से चार सीटों पर पहले ही वाम मोर्चा अपने उम्मीदवार घोषित कर चुका है।
घोषित उम्मीदवारों में मालदा के सुजापुर से शिक्षक रकरिमुल्लाह हक, नदिया के पलाशीपाड़ा से शिक्षक शमसुर अली मलिक और चापड़ा से जाकिर मंडल शामिल हैं।
उत्तर 24 परगना की सात सीटों—बादुरिया से जाकिर मंडल, अशोकनगर से तापस बनर्जी, आमडांगा से विश्वजीत मइती, मध्यग्राम से प्रियांका बर्मन, देगंगा से मफिदुल हक साहाजी, हावड़ा से पियारुल इस्लाम और बसिरहाट उत्तर से मोहम्मद मूसा करिमुल्लाह—पर आईएसएफ ने उम्मीदवार उतारे हैं।
दक्षिण 24 परगना में कुलपी से अब्दुल मालेक मोल्ला, कैनिंग पश्चिम से प्रबीर मंडल, कैनिंग पूर्व से अराबुल इस्लाम, मोगराहाट पश्चिम से अब्दुल अजीज अल हसन और भांगड़ से नौशाद सिद्दीकी को उम्मीदवार बनाया गया है।.
इसके अलावा हुगली के हरिपाल से शेख मुजफ्फर अली उर्फ माजा, खानाकुल से शेख सद्दाम हुसैन, पूर्व मेदिनीपुर के पांशकुड़ा पश्चिम से अफजल अली शाह, नंदीग्राम से मौलाना मोहम्मद शबे मिराज खान, पश्चिम मेदिनीपुर के शालबनी से पीयूष हांसदा, पश्चिम बर्धमान के बाराबनी से विश्वजीत बाउरी, बीरभूम के बोलपुर से प्रोफेसर बापी सोरेन और मुरारई से हजरत अली (सौदागर) को उम्मीदवार बनाया गया है।
आईएसएफ ने बाकी सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा जल्द करने का संकेत दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

