home page

पश्चिम बंगाल में आईपीएस अधिकारियों का तबादला, अशोक प्रसाद साइबर सेल के एडीजी नियुक्त

 | 

कोलकाता, 28 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। गृह एवं पर्वतीय कार्य विभाग (पुलिस सेवा प्रकोष्ठ) द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अशोक प्रसाद को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी), साइबर सेल के पद पर नियुक्त किया गया है।

अधिसूचना के मुताबिक, डीआईजी स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। सैयद वकार रजा, सुधीर कुमार नीलकांतम और निंबालकर संतोष उत्तमराव का तबादला क्रमशः मुर्शिदाबाद, रायगंज और जलपाईगुड़ी रेंज में किया गया है।

वर्तमान में हावड़ा कमिश्नरेट में संयुक्त पुलिस आयुक्त (जॉइंट सीपी) के पद पर तैनात के. सबरी राजकुमार को आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) में पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के पद पर स्थानांतरित किया गया है।

वहीं, गौरव लाल काे हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट में संयुक्त पुलिस आयुक्त बनाया गया है, जो अब तक सीआईडी में डीआईजी के पद पर कार्यरत थे।

राज्य सशस्त्र पुलिस (सैप) में भी फेरबदल किया गया है। 6वीं बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर प्रवीण प्रकाश को बैरकपुर स्थित एसएसएफ बटालियन का कमांडिंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। वहीं, एसएपी 9वीं बटालियन के सीओ संदीप मंडल को अब एसएपी 7वीं बटालियन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा, बारुईपुर पुलिस जिले में डीआईबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शोवन अधिकारी को पश्चिम बंगाल में दूरसंचार शाखा के अतिरिक्त एसपी के पद पर स्थानांतरित किया गया है।

राज्य सरकार समय-समय पर कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक आवश्यकताओं और विशेष इकाइयों की कार्यकुशलता को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के तबादले करती है। साइबर अपराधों में बढ़ोतरी को देखते हुए साइबर सेल में अनुभवी अधिकारी की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इन तबादलों को प्रशासनिक मजबूती और विभिन्न रेंज व इकाइयों में बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक कदम के रूप में देखा जा रहा है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर