बूथ जाम और वोट रिगिंग बर्दाश्त नहीं : भांगड़ थाने में पुलिस को कोलकाता पुलिस आयुक्त के निर्देश
हुगली, 22 मार्च (हि. स.)। आगामी चुनाव को लेकर तैयारियों के बीच कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नन्द ने स्पष्ट किया है कि बूथ जाम, वोट रिगिंग या कैप्चरिंग की किसी भी शिकायत को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रविवार को भांगड़ थाने के निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मियों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना होगा।
पत्रकारों से बातचीत में अजय नन्द ने कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए कोलकाता पुलिस पूरी तरह तैयार है। विभिन्न इलाकों में नाकाबंदी और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है तथा केंद्रीय बलों के साथ संयुक्त गश्त भी जारी है। उन्होंने बताया कि चुनाव से पहले और केंद्रीय बलों की तैनाती की जाएगी।
इसी क्रम में प्रेसिडेंसी रेंज के डीआईजी कंकर प्रसाद बारुई ने भी दक्षिणी उपनगरों के तीन थानों—नरेंद्रपुर, सोनारपुर और बारुईपुर—का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और चुनावी तैयारियों का जायजा लिया।
इन क्षेत्रों में ग्रामीण इलाकों के कई मतदान केंद्र होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष योजना बनाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बूथों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे इंतजामों की विस्तृत जानकारी दी।
कंकर प्रसाद बारुई ने कहा कि चुनाव की घोषणा के बाद से सभी तैयारियों की समीक्षा की जा रही है और मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा हुई है। उन्होंने अधिकारियों से लेकर होमगार्ड तक सभी को पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष, स्वतंत्र और भयमुक्त वातावरण में संपन्न हो तथा चुनाव आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

