एजेंट को बाहर निकाले जाने पर भड़कीं भाजपा उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल
आसनसोल, 29 अप्रैल (हि.स.)।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान के दौरान कई जगहों से तनाव और हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं। कोलकाता के एंटाली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल एक मतदान केंद्र पर अपने एजेंट को अंदर जाने से रोके जाने के आरोप को लेकर चुनाव अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों से भिड़ गईं। आरोप है कि बूथ के अंदर जगह कम होने का हवाला देकर उनके एजेंट को बाहर निकाल दिया गया था। इस मुद्दे पर प्रियांका टिबरेवाल खुद बूथ के अंदर पहुंचीं जहां अधिकारियों से तीखी बहस हुई। धक्का-मुक्की की भी शिकायत सामने आई है।
प्रियांका टिबरेवाल ने कहा कि वर्षों से इसी तरह धांधली की जाती रही है, लेकिन इस बार केंद्रीय बल तैनात है और वे कार्रवाई करेंगे। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार के प्रतिनिधि भी विवाद में शामिल हो गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों को बूथ से बाहर कर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

